Video

Advertisement


लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ संकल्प पदयात्रा इंदौर में, मुख्यमंत्री ने कहा जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी
बीजेपी

इंदौर, 30 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ संकल्प को लेकर विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तथा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने सहभागिता की और विशाल जनसमूह को संबोधित किया।

 

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस की अराजकता और नकारात्मक राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी। इंदौर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब राहुल गांधी, कांग्रेस और विपक्षी दलों के लिए जनता की स्पष्ट चेतावनी है। सत्ता की लालसा में देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों को समझ लेना चाहिए कि भाजपा के कमल को खिलने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल नहीं कर पा रही, इसलिए अराजकता फैला रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल भारत में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वे चुनी हुई सरकारों और स्वायत्त संस्थाओं को चुनौती दे रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निर्वाचन आयोग और सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है। भाजपा का इतिहास संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का इतिहास है। जनसंघ से लेकर भाजपा को लंबे समय तक विपक्ष में रहना पड़ा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दशकों तक विपक्ष में रहकर लोकतंत्र की सेवा की, लेकिन कभी अराजकता का रास्ता नहीं अपनाया। कांग्रेस सत्ता से बाहर होते ही सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रही है। उन्होंने पदयात्रा में मौजूद लोगों को लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की शपथ भी दिलाई।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस विदेशी नागरिकों और मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए एसआईआर का विरोध कर रही है। इंदौर में उमड़ा जनसैलाब कांग्रेस को आईना दिखाने के लिए पर्याप्त है। कांग्रेस देशभर में जितने लोग नहीं जुटा पाती, उससे अधिक लोग अकेले इंदौर की पदयात्रा में स्वयं चलकर आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि एक ही व्यक्ति के चार-चार नाम सूची में बने रहें ताकि राजनीतिक लाभ मिल सके। हाल ही में चार राज्यों में हुए एमएलसी चुनावों में बैलेट पेपर से मतदान के बावजूद कांग्रेस को करारी हार मिली। यह जनसैलाब जनता के उत्साह और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। इंदौर का जनसैलाब बता रहा है कि लोकतंत्र जीतेगा, अराजकता हारेगी। स्वच्छता में देशभर में पहचान बनाने वाले इंदौर ने आज लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का भी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर किया। कांग्रेस नेता संविधान की किताब हाथ में लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलकर लोकतंत्र की हत्या की गई थी। संविधान का सम्मान केवल किताब हाथ में लेकर चलने से नहीं होता। बैलेट पेपर से हुए 28 एमएलसी चुनावों में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली, अब कांग्रेस बैलेट पेपर पर भी सवाल उठाएगी क्या। मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की आवश्यक प्रक्रिया है।

 

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बिप्लब कुमार देब ने कहा कि यह पदयात्रा देश को विखंडित करने वालों के खिलाफ जनजागरण का अभियान है। यह चुनावी पदयात्रा नहीं है, बल्कि उन ताकतों के खिलाफ जनजागरण है जो विदेशी शक्तियों के साथ मिलकर भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करना चाहती हैं। कांग्रेस के पास न कोई ठोस मुद्दा है और न ही विकास का विजन, इसलिए वह संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस का रवैया संविधान, सर्वोच्च न्यायालय और निर्वाचन आयोग के प्रति अविश्वास पैदा करने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रधानसेवक और चौकीदार के रूप में देश की सेवा की है, फिर भी कांग्रेस नेता उनके प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिसका राजनीति में कोई स्थान नहीं है। भारत केवल भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है।

 

पदयात्रा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित एक लाख से अधिक नागरिक शामिल हुए।

Kolar News 30 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.