Video

Advertisement


अन्नदाता किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त आज जारी कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम से देश के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 690 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे DBT के माध्यम से अंतरित की। इसी कार्यक्रम से जुड़ते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

*मुख्यमंत्री ने कहा - किसानों की समृद्धि से ही बनेगा विकसित भारत*

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की छोटी-छोटी जरूरतों को समझकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत की सबसे मजबूत आधारशिला है। किसानों की समृद्धि से ही गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।

 

*छत्तीसगढ़ को अब तक मिले 11,776 करोड़ से अधिक*

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि 24वीं किस्त के रूप में छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपए की सम्मान निधि पहुंची है। इस योजना के तहत प्रदेश के किसानों को अब तक कुल 24 किस्तों में 11 हजार 776 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक की राशि मिल चुकी है। यह पैसा सीधे किसानों के खातों में जाता है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है। यह राशि छोटे और सीमांत किसानों को बीज, खाद और उर्वरक जैसी जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद करती है।

 

*15 नवंबर से धान खरीदी, 360 नए केंद्र खुलेंगे*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा, जो देश में सबसे अधिक दरों में से एक है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। किसानों को सुविधा देने के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

 

*प्राकृतिक आपदा में सरकार किसानों के साथ*

 

चक्रवात अर्नब से फसलों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी मजबूती से प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है। सभी कलेक्टरों को फसल क्षति का तत्काल सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं और RBC 6-4 के प्रावधानों के तहत जल्द सहायता दी जाएगी।

 

*आधुनिक खेती पर जोर*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परंपरागत खेती के साथ-साथ जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा दे रही है ताकि किसानों की आय के नए स्रोत बनें।

 

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि 3100 रुपए में धान खरीदी और भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार रुपए की सहायता सरकार की किसान हितैषी सोच का प्रमाण है। कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने भी किसानों से आधुनिक खेती अपनाने की अपील की।

Kolar News 30 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.