Video

Advertisement


सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह संकल्पित है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

गोटेगांव / भोपाल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सनातन संस्कृति, भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।  मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। यह भव्य आयोजन पूज्य गोपीठाधीश्वर महंत श्री बिपिन बिहारी दास जी महाराज के सानिध्य में हो रहा है। मुख्यमंत्री ने व्यास पीठ पर पहुंचकर महाराजश्री के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया।

 

*भागवत कथा जीवन का सार है - मुख्यमंत्री*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत पुराण केवल एक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह चारों वेदों, अठारह पुराणों और उपनिषदों के सार को अपने आप में समाहित करने वाला पवित्र ग्रंथ है। भागवत कथा मनुष्य को जीवन और मृत्यु, कर्म और सदाचार, धर्म और मोक्ष का वास्तविक अर्थ समझाती है। धर्म और अध्यात्म की इस अविरल धारा से जुड़ना हम सभी का परम सौभाग्य है। 

 

उन्होंने कहा कि परमात्मा ने हमें जो जीवन और सांसें दी हैं, उनका सदुपयोग अच्छे कर्मों, श्रेष्ठ संस्कारों और जनकल्याण के लिए करना चाहिए। जन्म और मृत्यु परमात्मा की व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन जीवन को कैसे जीना है, यह हमारे कर्म तय करते हैं। हमारी संस्कृति ने हमेशा मानव जीवन के कर्तव्यों और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का गौरव पूरे विश्व में स्थापित हो रहा है।

 

*सरकार के बड़े फैसले -*

 

*1. 19 धार्मिक नगरों में शराबबंदी और नशामुक्ति का संकल्प:* मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक बुराइयों को दूर करने और धार्मिक वातावरण को पवित्र बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों में शराबबंदी का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार का प्रयास है कि समाज को व्यसन और बुराइयों से मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली बड़ी सफलता के बाद अब सरकार ने वर्ष 2029 तक ड्रग्स और नशे के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है, ताकि हमारी युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।

 

*2. प्रदेश में धूमधाम से मनाई जा रही गीता जयंती, हर निकाय में बनेंगे गीता भवन:* मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के 18 अध्याय मनुष्य को कर्म, कर्तव्य और जीवन को श्रेष्ठ मार्ग पर ले जाने की प्रेरणा देते हैं। इसी भाव से प्रदेश सरकार ने गीता जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने की पहल की है। अब गांवों के साथ-साथ सभी नगरीय निकायों में भी गीता भवनों के निर्माण का संकल्प लिया गया है, ताकि धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध हो सके और हमारी नई पीढ़ी गीता के संदेश से जुड़ सके।

 

*3. नर्मदा परिक्रमा पथ पर श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं:* मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा हमारी जीवनदायिनी है। उसकी परिक्रमा करने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नर्मदा मिशन के माध्यम से परिक्रमा पथ का समग्र विकास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत परिक्रमवासियों के लिए जगह-जगह विश्राम स्थल, घाटों का उन्नयन, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही मां नर्मदा के जल की शुद्धता और निर्मलता बनाए रखने के लिए जल शुद्धीकरण की आधुनिक व्यवस्थाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

 

*4. प्रत्येक जनपद में विकसित होंगे वृंदावन गांव, गोपालन को मिलेगा बढ़ावा:* मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में एक वृंदावन गांव विकसित करने की अनूठी पहल शुरू की गई है। इन गांवों में देसी गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। साहीवाल, गिर और स्थानीय नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत देसी गाय पालने वाले पशुपालकों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की योजना भी शुरू की जा रही है। इससे गोपालन, प्राकृतिक खेती और दुग्ध उत्पादन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

 

*5. धार्मिक स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही सरकार:* मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े प्रदेश के विभिन्न स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उज्जैन में आगामी सिंहस्थ की तैयारियों के साथ-साथ महाकाल महालोक, ओरछा, चित्रकूट, ओंकारेश्वर, महेश्वर और अमरकंटक सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और हमारी आध्यात्मिक विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहे।

 

*सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान:*

 

मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि जीवन में किसी भी बड़े पद या दायित्व पर पहुंचने के बाद अपने संस्कारों और जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं अपने दोनों बच्चों का विवाह भी सामूहिक विवाह सम्मेलन के माध्यम से किया है। उन्होंने कहा कि विवाह में अनावश्यक दिखावे, दहेज और मृत्यु भोज जैसी सामाजिक कुरीतियों को बिल्कुल भी बढ़ावा नहीं देना चाहिए।

 

*मंत्री प्रहलाद पटेल ने जताया आभार:*

 

इस अवसर पर प्रदेश के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री के गोटेगांव आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भव्य धार्मिक आयोजन स्वर्गीय माताजी एवं स्वर्गीय मणिनागेंद्र सिंह (मोनू भैया) की पुण्यस्मृति में मणिनागेंद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। प्रथम दिन मुख्यमंत्री का आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

 

मंत्री पटेल ने कथाव्यास बिपिन बिहारी दास जी महाराज की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कथा केवल धार्मिक प्रवचन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और गौरवशाली परंपराओं की पुनर्स्थापना का माध्यम है।

 

कार्यक्रम में विधायक महेंद्र नागेश, पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल, वरिष्ठ समाजसेवी मुलाम सिंह पटेल, फाउंडेशन के सदस्य सरदार सिंह पटेल, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतम पुरी गोस्वामी सहित आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Kolar News 30 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.