Advertisement
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर।* किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कल 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे।
इस किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे भेजी जाएगी। यह किसानों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
*कार्यक्रम में और क्या होगा?*
प्रधानमंत्री इस दौरान केवल किस्त ही जारी नहीं करेंगे, बल्कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए दो और बड़ी सौगातें भी देंगे -
1. *521 कृषि अवसंरचना इकाइयों का लोकार्पण:* कृषि भंडारण, प्रसंस्करण और संबंधित अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए कृषि अवसंरचना कोष (AIF) के तहत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इससे कोल्ड स्टोरेज, गोदाम और प्रोसेसिंग यूनिट्स की क्षमता बढ़ेगी और फसल खराब होने से बचेगी।
2. *12 बागवानी क्लस्टरों का उद्घाटन:* उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देने और किसानों की आय क्षमता बढ़ाने के लिए 12 बागवानी क्लस्टरों का भी उद्घाटन किया जाएगा।
*शिवराज सिंह चौहान रायसेन में होंगे शामिल*
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के रायसेन में इस किस्त जारी कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है।
*अब तक 4.47 लाख करोड़ का लाभ*
बता दें कि पीएम-किसान योजना के तहत पहली 23 किस्तों में पात्र किसानों को 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले ही वितरित की जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य वित्तीय सहायता, फसल बीमा, MSP और कृषि अवसंरचना को मजबूत कर विकसित भारत के सपने के अनुरूप एक आत्मनिर्भर कृषि क्षेत्र बनाना है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |