Video

Advertisement


इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026 में प्रधानमंत्री ने कहा, भारत अब टेक्नोलॉजी का अनुसरण नहीं, नेतृत्व कर रहा है
प्रधानमंत्री मोदी

 

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2026। इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026 के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज यहां साइंस और टेक्नोलॉजी जगत के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि और युवा इनोवेटर्स मौजूद हैं। कार्यक्रम से पहले उन्होंने कुछ स्टार्टअप्स से बातचीत की और कहा कि भारतीय युवा जिस बड़े स्केल और आत्मविश्वास के साथ सोच रहे हैं, वह उत्साहजनक है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले भारत के लिए साइंस और टेक्नोलॉजी का मतलब दुनिया का अनुसरण करना था, नई टेक्नोलॉजी देर से यहां पहुंचती थी। आज भारत नई सोच के साथ नई टेक्नोलॉजी बनाने, उसकी दिशा तय करने और वैश्विक समस्याओं का समाधान देने की ओर बढ़ रहा है। कोरोना काल में भारत ने अपनी वैक्सीन बनाकर बड़े पैमाने पर टीकाकरण किया और अन्य देशों को भी मदद भेजी। पहले ही प्रयास में मंगलयान और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचना इसी आत्मविश्वास का प्रमाण है।

 

उन्होंने कहा कि शून्य की खोज से लेकर खगोल विज्ञान तक भारत की पहचान ज्ञान और अनुसंधान की रही है। विकसित भारत के लिए बड़ी मात्रा में परमाणु ऊर्जा जरूरी है और आयात पर निर्भरता को कम करने के लिए फास्ट ब्रीडर रिएक्टर टेक्नोलॉजी पर काम तेजी से चल रहा है। 500 मेगावाट का प्रोटोटाइप रिएक्टर हाल ही में फर्स्ट क्रिटिकैलिटी तक पहुंच चुका है, जो इस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है।

 

स्पेस सेक्टर में भी भारत ने अहम प्रगति की है। एक भारतीय स्टार्टअप ने मेड इन इंडिया रॉकेट से पहली ही कोशिश में सैटेलाइट को कक्षा में स्थापित किया और भारत ने सैटेलाइट डॉकिंग क्षमता भी हासिल की है। एआई इम्पैक्ट समिट का आयोजन, भारतीय मॉडल की लॉन्चिंग और भारत में बने चिप्स के पहले शिपमेंट की शुरुआत भी इसी प्रगति का हिस्सा हैं। बैटरी स्टोरेज के लिए स्वदेशी कच्चे माल पर आधारित क्षमता निर्माण पर भी काम हो रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की ताकत सॉल्यूशन एट स्केल है। डिजिटल स्टैक और 5जी इसके उदाहरण हैं। साइंस और टेक्नोलॉजी हथियार नहीं, मानवता की सेवा का माध्यम बननी चाहिए। लैब टू लैंड के मंत्र के साथ स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, रोजगार और आपदा प्रबंधन के लिए समाधान विकसित किए जा रहे हैं। स्टार्टअप वियरेबल ईईजी, स्वदेशी कम्युनिकेशन सॉल्यूशन, विशेष पोषण उत्पाद, सेमीकंडक्टर और औद्योगिक कचरे के पुन: उपयोग जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

 

आईआईटी मद्रास के ब्रेन सेंटर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां मानव मस्तिष्क की हाई-रिजॉल्यूशन 3डी डिजिटल इमेज बनाने पर काम हो रहा है, जो मस्तिष्क संबंधी बीमारियों को समझने में मदद करेगा।

 

अंत में उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी की ताकत रिसर्च से आती है, इसलिए जय विज्ञान, जय अनुसंधान का संकल्प लिया गया है। अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन को गति दी जा रही है और पिछले साल घोषित एक लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था में से पिछले एक साल में 12 हजार करोड़ रुपये मार्केट के लिए तैयार टेक्नोलॉजी पर कमिट किए गए हैं, जिसमें निजी क्षेत्र ने भी 12 हजार करोड़ का निवेश किया है, यानी कुल 24 हजार करोड़ की नई कमिटमेंट हुई है।

Kolar News 27 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.