Advertisement
रायपुर, 27 अक्टूबर 2026।* प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और हर नागरिक तक बेहतर उपचार की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के 520 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सेवा का अवसर मिलना बड़ी जिम्मेदारी है। अस्पताल आने वाला हर व्यक्ति और उसका परिवार स्वास्थ्यकर्मियों की ओर बड़ी आशा से देखता है। रोगियों की सेवा से बढ़कर कोई काम नहीं है। इसे केवल नौकरी न मानें, बल्कि जनसेवा और पुण्य का काम समझकर पूरी ईमानदारी और समर्पण से करें।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। सरकार शहरों के साथ-साथ गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है।
*14 जिलों में सेवाएं देंगे 520 नवनियुक्त कर्मचारी*
कुल 520 पदों में स्टाफ नर्स के 208, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष के 95, महिला के 94, फार्मासिस्ट के 25, वार्ड बॉय के 50 और वार्ड आया के 48 पद शामिल हैं। इन कर्मचारियों की तैनाती प्रदेश के 14 जिलों में होगी, जिनमें ज्यादातर जनजातीय बहुल जिले हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ समयसीमा में पूरी की गई है और आगे भी आवश्यकता के अनुसार भर्तियां जारी रहेंगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी समेत कई मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |