Advertisement
भोपाल, 27 अक्टूबर 2026।* मध्यप्रदेश में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार इंदौर में दो दिवसीय 'अर्बन कॉन्क्लेव' का आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 28 अक्टूबर को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।
इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य नगरीय अधोसंरचना में निवेश को बढ़ावा देना, आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहरों को अधिक सुविधाजनक, स्मार्ट और पर्यावरण के अनुकूल बनाना और राज्य सरकार के शहरी विकास विजन को निवेशकों और विशेषज्ञों के साथ साझा करना है। मुख्यमंत्री इस दौरान निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे।
*क्या-क्या होगा कॉन्क्लेव में?*
*1. टियर-2 शहरों पर फोकस:*
बड़े महानगरों के साथ-साथ छोटे शहरों के विकास पर विशेष सत्र होंगे। इनमें पुनःघनीकरण, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD), TDR, आवास, पुनर्विकास, मास्टर प्लान, रेरा स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाना, व्यापार सुगमता और FAR जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
*2. डिजिटल गवर्नेंस और सुधार:*
नगरीय प्रशासन को पेपरलेस और तेज बनाने के लिए ABPAS (ऑटोमेटिक बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम), ऑनलाइन NOC, GIS आधारित टाउन प्लानिंग, कॉलोनी अधिनियम और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सिस्टम पर मंथन होगा।
*3. जलवायु अनुकूल और ग्रीन शहर:*
जल सुरक्षा, सर्कुलर इकोनॉमी, अमृत 2.0 मिशन, वायु गुणवत्ता सुधार, ई-वाहन, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरे से ऊर्जा, सौर ऊर्जा, नमो हरित नगर योजना, सिटी फॉरेस्ट और लिवेबिलिटी इंडेक्स जैसे पर्यावरण से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ विचार रखेंगे।
*4. निवेश और फाइनेंसिंग मॉडल:*
शहरी विकास के लिए पैसे जुटाने के नए तरीकों पर भी चर्चा होगी, जिसमें अर्बन चैलेंज फंड, PPP मॉडल, ग्रीन बॉन्ड, म्युनिसिपल बॉन्ड, टेंपल बॉन्ड, बहुपक्षीय बैंकों से वित्त पोषण और वायबिलिटी गैप फंडिंग शामिल हैं।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, आयुक्त संकेत भोंडवे सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी, देश के प्रमुख निवेशक, डेवलपर्स और शहरी नियोजन के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |