Video

Advertisement


आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने बेमेतरा में वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों का किया सघन निरीक्षण
मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 26 अक्टूबर 2026।* विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने रविवार को बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर ग्रामीण रोजगार, जल संरक्षण, अधोसंरचना विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण परिवारों की मांग के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए और स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

 

*श्रमिकों से संवाद, एनएमएमएस ऐप में स्वयं दर्ज की उपस्थिति*

 

आयुक्त सिन्हा ने धार-अपार अभियान के अंतर्गत नदी किनारे चल रहे जल संरक्षण एवं ट्रेंच निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कार्यस्थल पर नियोजित 138 श्रमिकों से संवाद कर उन्हें योजना के प्रावधानों और समय पर मजदूरी भुगतान की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों की उपस्थिति एनएमएमएस ऐप के माध्यम से स्वयं दर्ज कर कार्यों में पारदर्शिता का संदेश दिया।

 

*ग्रामीण अधोसंरचना एवं आजीविका संवर्धन पर जोर*

 

ग्राम पंचायत ताला में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और ग्राम पंचायत चारभाठा में स्कूल शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण कर इन्हें प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

ग्राम पंचायत बाबामोहतरा में आयोजित चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की दीदियों और श्रमिकों से सीधा संवाद किया। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारमूलक और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों पर चर्चा की और ग्रामीणों की भागीदारी से उपयोगी एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

 

ग्राम पंचायत जेवरा (एन) में 26 एकड़ क्षेत्र में किए गए फलदार वृक्षारोपण कार्य का अवलोकन कर उन्होंने ग्राम पंचायत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ भविष्य में ग्रामीणों की आजीविका के अवसर बढ़ाने में भी सहायक होंगे।

 

*पोस्ट मानसून जलदूत ऐप से भूजल स्तर मापन की शुरुआत*

 

आयुक्त ने ग्राम पंचायत कठिया में पोस्ट मानसून जलदूत ऐप के माध्यम से कुओं के जलस्तर मापन कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं एक कुएं के जलस्तर की रीडिंग लेकर उसे ऐप में अपलोड किया। इससे मानसून के बाद भूजल स्तर की स्थिति का आकलन और जल संरक्षण की कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

 

*समीक्षा बैठक में रोजगार सृजन और पारदर्शिता के निर्देश*

 

मैदानी निरीक्षण के बाद आयुक्त ने बेमेतरा सर्किट हाउस में जिला पंचायत और जिले की सभी जनपद पंचायतों के अधिकारियों-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को योजना से जोड़ने, समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

 

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता, सहायक परियोजना अधिकारी, जनपद पंचायतों के सीईओ, एसडीओ, कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kolar News 26 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.