Video

Advertisement


भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोशल मीडिया कार्यशाला, सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल हुए शामिल
बीजेपी


भोपाल।  सोमवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी एवं सांसद बिप्लब कुमार देब, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के और सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी ने संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करती रही है। कांग्रेस देश में अराजकता फैलाकर सत्ता में आना चाह रही है। कांग्रेस पहले भी आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंट चुकी है। आज सत्ता के बिना बेचैन कांग्रेस एक बार फिर संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र के सच्चे सिपाही हैं और उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से तथ्यों के साथ कांग्रेस की असलियत जनता को बतानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज शरद पूर्णिमा पर अमृत वर्षा होती है, उसी तरह इस कार्यशाला में जो वैचारिक अमृत मिला है, उसे लेकर सोशल मीडिया कार्यकर्ता गांव-गांव जाएं और संगठन व सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और उनके नेतृत्व में भाजपा ने जनसंपर्क के नए आयाम स्थापित किए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 55 वर्षों से अधिक समय तक शासन किया लेकिन विकास की सही दिशा नहीं दी। कांग्रेस नए-नए हथकंडों से अपने झूठ को स्थापित करने का प्रयास कर रही है। विपक्ष भ्रम फैलाकर गलत नैरेटिव बना रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यों, तर्कों और प्रमाणिक जानकारी के साथ विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब दें और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जनसंवाद और जनमत निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बन गया है।

राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का असली मकसद देश को टुकड़े-टुकड़े करना है। कांग्रेस में न नेता हैं, न नीति और न ही विचारधारा। एक परिवार ने पूरी पार्टी पर कब्जा कर रखा है, जो अपना नाम और सरनेम तक सही नहीं बताता। कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ हिडन एजेंडे पर काम करती है और झूठा नैरेटिव सेट करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है जो राष्ट्रप्रथम की विचारधारा को लेकर चलती है। मध्यप्रदेश का संगठन देश में आदर्श संगठन है और सोशल मीडिया के डिजिटल योद्धाओं को इस पहचान को बनाए रखना है।

प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति के लिए कार्य करती है। कांग्रेस वंशवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस और उसके नेताओं का भारतीय संस्कृति और परंपराओं से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस ने हमेशा अच्छे कार्यों में रोड़ा अटकाने का काम किया है। कार्यकर्ता युवाओं को तथ्यों और आंकड़ों के साथ भाजपा सरकार और संगठन के कार्यों तथा कांग्रेस की असलियत बताएं।

सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि सोशल मीडिया आज राजनीति का अभिन्न अंग बन चुका है। नैरेटिव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। समाचार और नैरेटिव में अंतर समझना होगा। किसी योजना का लाभ देना समाचार है, लेकिन उस लाभ से जीवन में आए बदलाव को बताना नैरेटिव है। कार्यकर्ताओं को बदलती तकनीक के साथ अपनी कार्यशैली बदलनी होगी। प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 100 डिजिटल साथियों की टीम बनानी होगी और उन्हें प्रशिक्षित करना होगा।

राष्ट्रीय सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी ने कहा कि स्थानीय मुद्दों के जरिए प्रभावी नैरेटिव गढ़ना जरूरी है। स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों को सोशल मीडिया पर प्रमुखता से साझा किया जाए। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, प्रदेश प्रभारी शिवराज सिंह डाबी और प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हर माह सोशल मीडिया ऑडिट रिपोर्ट तैयार की जाए और प्रभावशाली लोगों व इन्फ्लुएंसर्स से संवाद स्थापित किया जाए।

Kolar News 26 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.