Video

Advertisement


भोपाल में स्वदेशी मेले का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने किया अवलोकन
hemant khandelwal


भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सोमवार को भोपाल के एमवीएम परिसर में आयोजित स्वदेशी मेले का अवलोकन किया और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

भोपाल के एमवीएम कॉलेज ग्राउंड में स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन द्वारा 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक स्वदेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में देशभर के स्वदेशी उत्पादों के 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी केवल वस्तुओं का क्रय नहीं है, बल्कि देश के कारीगरों के हुनर को प्रोत्साहन देने और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्यमियों और देश के उत्पादकों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इससे उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलने के साथ देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होती है।

खंडेलवाल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्वदेशी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए जरूरी है कि लोग स्वयं स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने नागरिकों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

यह मेला स्वदेशी उत्पादों, उद्यमशीलता और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच बना है। यहां विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादकों और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर मिल रहा है। स्वदेशी जागरण मंच की इस पहल का उद्देश्य स्वदेशी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना और आत्मनिर्भर भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

Kolar News 26 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.