Video

Advertisement


मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 9.77 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 22.89 करोड़ का बोनस बांटा, शहडोल को 462 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव


शहडोल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल संभागीय मुख्यालय में आयोजित विशाल जनसभा और हितग्राही सम्मेलन में वनवासी परिवारों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के कुल 9 लाख 77 हजार 696 पात्र संग्राहकों को 22 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि यानि तेंदूपत्ता बोनस का वितरण किया।
यह कार्यक्रम शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सतना और सीधी पांच जिलों के अधीन आने वाली छह जिला वनोपज सहकारी यूनियनों के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें हजारों तेंदूपत्ता और अन्य वनोपज संग्राहक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण केवल वनोपज नहीं है, यह लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका, सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जंगल में पसीना बहाने वाले मेहनतकश परिवारों को उनके हक का एक-एक रुपया समय पर और सीधे उनके खाते में मिले। यह बोनस राशि ग्रामीण और वन अंचल के परिवारों की आर्थिक मजबूती में मील का पत्थर साबित होगी। हमारी सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और समग्र कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
462 करोड़ के 134 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को 462 करोड़ रुपये लागत के 134 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 22.14 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित वन मंडलाधिकारी कार्यालय का लोकार्पण किया और विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री की 10 बड़ी घोषणाएं जो बदलेंगी शहडोल की तस्वीर
1. इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स:* शहडोल में युवाओं के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं वाला इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।
2. हाथी प्रभावितों को पक्के मकान:जिन लोगों के मकान जंगली हाथियों ने तोड़ दिए हैं, उन्हें वन विभाग पक्के मकान बनाकर देगा और उनके खेतों में फेंसिंग भी कराएगा।
3.नई सड़कें:जयसिंहनगर विधानसभा के गोहपारू में शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग से महाविद्यालय और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र तक सड़क बनेगी। उमरिया में एमपीआरडीसी द्वारा नई सड़क बनाई जाएगी।
4. गीता भवन: शहडोल में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए गीता भवन का निर्माण होगा।
5.नई यूनिवर्सिटी: शहडोल में निजी निवेश और सहभागिता से एक नई प्राइवेट यूनिवर्सिटी और एक को-एजुकेशन महाविद्यालय खोला जाएगा। शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के कॉलेज को कॉमन किया जाएगा।
6. स्टील फैक्ट्री:शहडोल में जल्द ही लौह अयस्क संयंत्र स्टील फैक्ट्री शुरू होगी, जिससे 4000 से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
7. फॉरेस्ट जू एंड रेस्क्यू सेंटर:बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के समीप रेस्क्यू जू सेंटर बनेगा।
8. फुटबॉल हब विचारपुर:फुटबॉल के लिए प्रसिद्ध गांव विचारपुर में 5.10 करोड़ रुपये से खेल अधोसंरचना विकसित की जाएगी।
9.  छात्रवृत्ति में वृद्धि: जनजातीय विद्यार्थियों को अब 10 माह के बजाय पूरे 12 माह की छात्रवृत्ति दी जाएगी। 150 करोड़ की लागत से 34 हाईस्कूल भवन और जनजातीय कन्या छात्रावास बन रहे हैं।
10. आवास और पेयजल:* शहडोल क्षेत्र में 17 हजार परिवारों को आवास, 65 किलोमीटर सड़क और 28 हजार परिवारों तक नल जल पहुंचाने के कार्य किए जा रहे हैं।
तेंदूपत्ता से लेकर लाड़ली बहना तक, हर वर्ग का ख्याल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस, किसानों को भावांतर और पीएम किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहनों को प्रोत्साहन राशि, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी जैसी योजनाओं से हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है।
रोजगार और पशुपालन पर जोर
उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकाल में 85 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की गई है और एक लाख नई भर्तियां और की जाएंगी। पशुपालकों के लिए 25 गायों की डेयरी पर 40 लाख की परियोजना में सरकार 10 लाख रुपये की सहायता दे रही है। होम स्टे बनाने के लिए 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, सांसद हिमाद्री सिंह, अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष रामलाल रौतेल, विधायक मनीषा सिंह, जयसिंह मरावी, शरद कोल और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित रहे।

Kolar News 25 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.