Video

Advertisement


प्रधानमंत्री के मन की बात संदेश को जनभागीदारी से साकार करें कार्यकर्ता - हेमंत खण्डेलवाल
hemant khandelwal


बैतूल/भोपाल।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल जिले की बैतूल विधानसभा के बडोरा मंडल के बूथ क्रमांक 46 के ग्राम भडूस स्थित सामुदायिक भवन में और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।
कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात के संदेश को पार्टी कार्यकर्ता जनभागीदारी के साथ धरातल पर साकार करें। मन की बात में हमेशा सामाजिक समरसता और सेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जाता है। भारतीय संस्कृति में समरसता की भावना पुरातन काल से रही है, भगवान राम द्वारा माता शबरी के बेर स्वीकार करना सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा दे रहे हैं। हम सभी को स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करनी चाहिए, जिससे अपना प्रदेश और देश आत्मनिर्भर बन सके। प्रधानमंत्री मन की बात के माध्यम से देशभर में हो रही सकारात्मक गतिविधियों, नवाचारों और जनभागीदारी के कार्यों की जानकारी देशवासियों से साझा करते हैं, जिसका उद्देश्य समाज के हर व्यक्ति को प्रेरणा देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। यह कार्यक्रम देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे कार्यों को देशव्यापी पहचान देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
जल संरक्षण को बनाएं जन अभियान
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल संरक्षण और संवर्धन पर दिए गए संदेश को जन अभियान बनाने की जरूरत है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता जल संरक्षण के कार्यों में जुटें। बैतूल सहित प्रदेश के कई जिलों में औसत से कम वर्षा दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में सूखे जैसे हालात से बचने के लिए जल की एक-एक बूंद को बचाना और उसका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बैतूल सहित प्रदेशभर में बड़े जलाशयों और बांधों के माध्यम से सिंचाई सुविधा बढ़ाने के साथ हर खेत तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप बड़े जलाशयों के साथ छोटी-छोटी जल संरचनाओं के निर्माण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सिरपुर पैटर्न पर जल संरचनाओं के निर्माण से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। नदी नालों पर छोटी जल संरचनाएं बनने से वर्षा जल रुकेगा, जिससे पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ेगी, ट्यूबवेल और अन्य जल स्रोत रिचार्ज होंगे और भूजल स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आमजन से मिलकर जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला उपाध्यक्ष इन्द्रपाल पुंडे, रश्मि साहू, बडोरा मंडल अध्यक्ष नीतू पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जनपद सदस्य अलकेश वाघमारे, सरपंच सुनीता उइके, उपसरपंच धनराज खड़िया, बूथ अध्यक्ष माखन पाल, सुरेश साहू और शेर सिंह चौहान सहित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय जन उपस्थित रहे।

Kolar News 25 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.