Video

Advertisement


कांग्रेस की अराजक राजनीति को जनता के सामने उजागर करें कार्यकर्ता - चंद्रशेखर
बीजेपी

 

उमरिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शनिवार को उमरिया जिला कार्यालय में आयोजित जिला बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यों और तौर तरीकों से हमेशा देश को नुकसान पहुंचाया है और अब आंदोलनों की आड़ में देश में अराजकता की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस की इस अराजक राजनीति को जनता के सामने तथ्यों के साथ उजागर करें और संगठन को मजबूत बनाने के साथ जन-जन तक भाजपा की विचारधारा को पहुंचाने का कार्य करें।

चंद्रशेखर ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बन गया है। चुनाव हारते ही कांग्रेस ईवीएम पर सवाल उठाती है और संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रहार करती है। भाजपा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और अराजक राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी। बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री नागर सिंह चौहान एवं संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रारंभ से जिस राजनीतिक मॉडल पर कार्य किया, उससे देश को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस की नीतियों ने समाज में विभिन्न प्रकार के भेदभाव को बढ़ावा दिया, जबकि भाजपा ने आंदोलनों और जनजागरण के माध्यम से बेहतर व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर इन विषयों पर तथ्यपरक संवाद करना है, क्योंकि भाजपा का लक्ष्य ही देश और समाज के हितों के लिए कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कार्रवाई की गई है। भाजपा सरकार निर्णायक नेतृत्व और ईमानदार शासन की दिशा में लगातार काम कर रही है। डिजिटल तकनीक के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने, स्वदेशी संसाधनों को बढ़ावा देने तथा गरीब कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता देने जैसे कार्य सरकार की कार्यशैली के प्रमुख आधार हैं। भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं पुनरुत्थान की दिशा में भी व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में सांसद हिमाद्री सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक मीना सिंह, शिवनारायण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल मंचासीन रहीं। बैठक का संचालन जिला महामंत्री दीपक छद्वानी ने किया और आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने किया। बैठक में जिला पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, अपेक्षित कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Kolar News 24 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.