Video

Advertisement


भारतीय नौसेना की पनडुब्बियों के लिए स्वदेशी एआईपी प्रणाली ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, सेटिंग टू वर्क फेज-2 शुरू
नौसेना


नई दिल्ली।  भारतीय नौसेना की पानी के नीचे लड़ने की क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा मुकाम हासिल हुआ है। नौसेना मटेरियल रिसर्च लेबोरेटरी, डीआरडीओ द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन यानी एआईपी सिस्टम के एनर्जी मॉड्यूल की सेटिंग टू वर्क फेज-2 गतिविधि का आज उद्घाटन हो गया।
यह एआईपी प्रणाली डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियों की पानी के भीतर रहने की क्षमता को कई गुना बढ़ा देती है, क्योंकि इससे पनडुब्बी को बार-बार सतह पर आकर वायुमंडलीय ऑक्सीजन लेने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे पनडुब्बी लंबे समय तक गहरे पानी में छिपकर दुश्मन पर नजर रख सकती है।
उद्घाटन समारोह आज 24 अक्टूबर को लार्सन एंड टुब्रो के एएम नाइक हेवी इंजीनियरिंग कॉम्प्लेक्स, हजीरा, गुजरात में आयोजित किया गया। रक्षा सचिव और रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से इस समारोह में शामिल हुए। भारतीय नौसेना के सामग्री प्रमुख वाइस एडमिरल बी शिवकुमार और डीआरडीओ के महानिदेशक डॉ. आर बाला मुरलीकृष्णन हजीरा में मौजूद रहे। इस मौके पर डीआरडीओ अध्यक्ष ने डीआरडीओ और उद्योग जगत के सहयोगियों को बधाई दी और कहा कि देशी एआईपी कार्यक्रम वैज्ञानिक धैर्य और औद्योगिक सहयोग का बेहतरीन उदाहरण है, जो अब प्रयोगशाला से निकलकर फैक्ट्री फ्लोर पर वास्तविक उत्पाद के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने इस पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक परीक्षण चरण में भारतीय नौसेना द्वारा दिए गए सहयोग और मार्गदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अब अगले चरणों में तेजी से काम करना होगा ताकि नौसेना की समयसीमा के अनुसार इस प्रणाली को शामिल किया जा सके, साथ ही हाइड्रोजन और फ्यूल सेल प्रणाली से जुड़ी सुरक्षा संस्कृति में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
अगले चरण में एआईपी एनर्जी मॉड्यूल को सक्रिय कर बिजली उत्पादन के लिए चालू किया जाएगा और भारतीय नौसेना की कड़ी प्रक्रियाओं के अनुसार इसका कठोर परीक्षण किया जाएगा। सभी परीक्षणों के सफल होने के बाद इसे 2027 की शुरुआत में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड को सौंपा जाएगा, जहां इसे कलवरी क्लास की पनडुब्बी में एकीकृत किया जाएगा। इस स्वदेशी तकनीक के आने से भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो जाएगा जिनके पास अपनी खुद की एआईपी तकनीक है।

Kolar News 24 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.