Advertisement
रायपुर। छत्तीसगढ़ की माटी की सोंधी खुशबू, ढोल-मांदर की थाप और पंडवानी के ओजस्वी स्वरों से आज दुर्ग जिले का छोटा सा गांव बानबरद गूंज उठा। अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस के अवसर पर यहां ज्ञानश्रोत कला मंच के तत्वावधान में 46वें पंडवानी महासम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रदेश के कोने-कोने से आए 70 से अधिक पंडवानी, पंथी और आदिवासी नृत्य दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।'
मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन की शुरुआत भारत रत्न से सम्मानित छत्तीसगढ़ की गौरव पद्म विभूषण तीजन बाई को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि पंडवानी केवल कथा वाचन नहीं है, यह एक सम्पूर्ण नाट्य है। एक अकेला कलाकार अपने गायन, वादन, अभिनय और भाव-भंगिमाओं से महाभारत के भीम, अर्जुन, द्रौपदी जैसे पात्रों को मंच पर जीवंत कर देता है। तीजन बाई ने इसी विधा को अपनी 50 वर्षों की कठोर साधना से देश की सीमाओं से निकालकर लंदन, पेरिस और अमेरिका के मंचों तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा, "तीजन बाई छत्तीसगढ़ की आत्मा थीं। उनकी कला को भुलाया नहीं जा सकता। राज्य सरकार उनकी स्मृतियों और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
मुख्यमंत्री की 6 बड़ी घोषणाएं - कलाकारों में खुशी की लहर
मुख्यमंत्री ने इस मंच से कलाकारों और क्षेत्र के विकास के लिए 6 बड़ी घोषणाएं कीं, जिसके बाद पूरे पंडाल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी -
तीजन बाई के नाम पर इसी वर्ष 1 नवंबर को राज्योत्सव के अवसर से प्रतिवर्ष एक राज्य स्तरीय लोककला अलंकरण दिया जाएगा। इसमें 1 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। तीजन बाई के गृह जिले दुर्ग के ग्राम गनियारी को 'कला ग्राम' के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पंडवानी प्रशिक्षण केंद्र, संग्रहालय, ओपन थिएटर और कलाकारों के लिए आवासीय सुविधा विकसित की जाए। गनियारी के शासकीय हाईस्कूल का नामकरण पद्म विभूषण तीजन बाई शासकीय हाईस्कूल किया जाएगा। महासम्मेलन में भाग लेने वाले सभी 70 लोककला दलों - जिनमें 60 पंडवानी, 6 पंथी और 4 आदिवासी नृत्य दल शामिल हैं - को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कुल 17.50 लाख रुपये की राशि सीधे दलों के खाते में भेजी जाएगी। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर मिडिल स्कूल बानबरद को हाईस्कूल में उन्नत करने की घोषणा।सड़क की सौगात:* अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक 2.5 किमी लंबी बीटी रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार केवल लोककला ही नहीं, बल्कि आधुनिक कला और सिनेमा के लिए भी काम कर रही है। छत्तीसगढ़ी सिनेमा और यहां के स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर का मंच देने के लिए हमने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड का गठन किया है। नवा रायपुर अटल नगर में लगभग 100 एकड़ में अत्याधुनिक फिल्म सिटी विकसित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इससे न केवल फिल्मों की शूटिंग छत्तीसगढ़ में होगी, बल्कि हमारे हजारों युवा कलाकारों, तकनीशियनों और संगीतकारों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने 46 वर्षों तक लगातार बिना किसी शासकीय सहायता के लोककला के संरक्षण का कार्य कर रहे ज्ञानश्रोत कला मंच और उसकी संचालिका पद्मश्री डॉ. उषा बारले की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी संस्था का इतने लंबे समय तक अपनी संस्कृति के लिए काम करना अपने आप में तपस्या है।
कार्यक्रम को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पंडवानी, पंथी, भरथरी, ददरिया, सुवा और कर्मा जैसी लोकविधाएं छत्तीसगढ़ के जीवन-मूल्यों की संवाहक हैं। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि अहिवारा क्षेत्र लोककला का गढ़ रहा है।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद सदस्य, बड़ी संख्या में लोक कलाकार, साहित्यकार और हजारों ग्रामीण उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |