Video

Advertisement


विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, बोलीं - यह 75 दिनों का पर्व समरसता, आस्था और लोकतंत्र का जीवंत प्रतीक
मुख्यमंत्री साय

जगदलपुर/रायपुर, 23 अक्टूबर 2026।* राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की पावन भूमि जगदलपुर में विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं, जनजातीय संस्कृति और सामूहिक सहभागिता की सराहना करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।

राष्ट्रपति ने मां दंतेश्वरी को नमन करते हुए कहा कि बस्तर दशहरा जैसे उत्सव में शामिल होना उनके लिए विशेष प्रसन्नता का विषय है। लगभग 75 दिनों तक चलने वाला यह उत्सव विभिन्न गोत्रों, समुदायों और सभी वर्गों की सहभागिता से मनाया जाता है। रथ के लिए लकड़ी लाने से लेकर रथ निर्माण, रथ खींचने, पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों तक हर समुदाय अपनी परंपरागत जिम्मेदारी निभाता है। यही सामूहिकता सामाजिक एकता और सांस्कृतिक निरंतरता का असाधारण उदाहरण है।

*मुरिया दरबार लोकतंत्र की जमीनी पाठशाला*

राष्ट्रपति ने बस्तर दशहरा के अंतर्गत होने वाले मुरिया दरबार को जमीनी लोकतंत्र का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इसमें विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर जनसमस्याओं, आवश्यकताओं और सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श करते हैं। संवाद से समाधान निकालने की यह परंपरा भारतीय लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करती है।

उन्होंने याद दिलाया कि दो माह पूर्व राष्ट्रपति भवन में बस्तर पंडुम के विजेता, परगना मांझी और चालकी आए थे। बस्तर पंडुम जैसे आयोजन जनजातीय युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।

*माओवाद से मुक्त बस्तर में नवनिर्माण की बारी - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय*

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस वर्ष का बस्तर दशहरा दो कारणों से विशेष है - राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति और बस्तर का माओवाद से मुक्त होकर नवनिर्माण की ओर बढ़ना। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन इस परिवर्तन को गति दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने विकास का रोडमैप बताया - नियद नेल्लानार योजना से दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क और पीएम-जनमन योजना से अंदरूनी गांवों को जोड़ा जा रहा है। रायपुर से रावघाट तक नई रेल सेवा शुरू हुई है, रावघाट-जगदलपुर लाइन पर काम जारी है। रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा बस्तर से गुजरेगा। पर्यटन के लिए होम-स्टे, वन धन केंद्रों से वनोपज को उचित दाम, जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और गीदम में मेडिकल कॉलेज शुरू होना बड़ी उपलब्धि है।

*जनजातीय प्रतिभाओं को मंच देना जरूरी - राष्ट्रपति*

राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समाज में अपार प्रतिभा है। सही अवसर और संसाधन मिले तो बेटे-बेटियां हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा सकते हैं। बस्तर ओलंपिक में युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये युवा भविष्य में ओलंपिक तक में पदक ला सकते हैं।

उन्होंने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद से मुक्ति और सुरक्षा-विकास में हो रहे बदलावों के लिए केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों की सराहना की।

राष्ट्रपति ने दंडकारण्य का रामायण से संबंध, भगवान राम के वनवास प्रसंग और माता शबरी की भक्ति का जिक्र किया। जनजातीय समाज की प्रकृति पूजा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों को जीवनदाता मानना इस समाज की पहचान है। अधिक से अधिक पौधारोपण और जंगलों के संरक्षण का आह्वान भी किया।

*मांझियों को 5000 और चालकियों को 3500 मानदेय*

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में परंपरागत प्रतिनिधियों के सम्मान के लिए मांझियों का मासिक मानदेय 2,000 से बढ़ाकर 5,000 रुपये और चालकियों का 1,500 से बढ़ाकर 3,500 रुपये कर दिया गया है।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और सामूहिकता जनजातीय जीवन पद्धति का हिस्सा है। बस्तर दशहरा संवाद ही समाधान का संदेश देता है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सांसद महेश कश्यप, भोजराज नाग, विधायक किरण सिंह देव, लता उसेंडी, महापौर संजय पांडे, कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित बड़ी संख्या में मांझी-चालकी, नाइक-पाइक और नागरिक मौजूद रहे।

Kolar News 23 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.