Video

Advertisement


मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026: इंदौर में 5,800 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 10 हजार रोजगार का रास्ता खुला, सीएम मोहन यादव ने किए बड़े ऐलान*
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

इंदौर/भोपाल, 23 अक्टूबर 2026।* मध्यप्रदेश को देश का सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुए दो दिवसीय मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 के पहले दिन ही लगभग 5,800 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे 10 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समिट का शुभारंभ किया।

समिट में जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्वीडन के प्रतिनिधिमंडलों समेत 1000 से अधिक निवेशक, उद्योगपति और विशेषज्ञ शामिल हुए। दो दिनों में 8 पैनल चर्चा, 5 राउंडटेबल और 6 की-नोट सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कोविड काल में चिप की कमी से दुनिया ने इस क्षेत्र की अहमियत समझी है। मध्यप्रदेश भी इस दौड़ में पीछे नहीं रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में ढाई वर्ष में 25 से अधिक निवेश अनुकूल नीतियां बनाई गई हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 30 प्रतिशत से अधिक प्रस्ताव जमीन पर उतर चुके हैं। सरकार की नीति है - फाइलों की जगह फैसले, संभावनाओं की जगह परियोजनाएं और समस्याओं की जगह समाधान।

*मुख्यमंत्री की तीन बड़ी घोषणाएं*

1.  *सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस:* चिप डिजाइन, VLSI, प्रोटोटाइपिंग, R&D और कौशल विकास के लिए।

2.  *फोटोनिक्स एवं क्वांटम टेक्नोलॉजीज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस:* क्वांटम कंप्यूटिंग, कम्युनिकेशन और एडवांस मटेरियल्स में रिसर्च के लिए।

3.  *इंदौर-उज्जैन इकोनॉमिक कॉरिडोर:* इसमें सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, एडवांस पैकेजिंग और चिप डिजाइन जैसे हाई-टेक उद्योगों को प्राथमिकता मिलेगी।

*9,625 करोड़ के निवेश को जमीन के आशय पत्र*

समिट में 5 कंपनियों को भूमि आवंटन के आशय पत्र (LOI) दिए गए, जिनसे 9,625 करोड़ का निवेश और 4,450 प्रत्यक्ष रोजगार प्रस्तावित हैं -

- साइटैक आरई - ग्वालियर के गंगा मालनपुर में 6,415 करोड़ रुपये से 50 मेगावाट का हाइपरस्केल डेटा सेंटर

- उना इको सिस्टम्स - भोपाल EMC-2 में 2,000 करोड़ रुपये से 1.5 GWh लिथियम सेल यूनिट

- औरिगा IT सॉल्यूशंस - इंदौर सिंहासा IT पार्क में 500 करोड़ रुपये से ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, 3,500 नौकरियां

- मीना सर्किट्स - 400 करोड़ रुपये से ESDM यूनिट

- केन्स इलेक्ट्रॉनिक्स - भोपाल बड़वई IT पार्क में 310 करोड़ रुपये से इलेक्ट्रॉनिक्स यूनिट, 950 नौकरियां

*IT पार्क-4 में 7 कंपनियों को ऑफिस स्पेस*

इंदौर के परदेशीपुरा इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स के IT पार्क-4 में 7 कंपनियों को 44,815 वर्गफुट ऑफिस स्पेस के LOI दिए गए, जिनसे 1,280 नौकरियां बनेंगी। सबसे बड़ी इकाई ADT सेमीकंडक्टर्स की होगी (16,508 वर्गफुट, 500 रोजगार)। अन्य कंपनियां - स्पिंट्रॉनिक्स AI (250 रोजगार), इक्ष्वाकुमीडिया (200), H-सेमी (150) आदि।

*12 से अधिक कंपनियों से वन-टू-वन चर्चा*

मुख्यमंत्री ने 12 से अधिक कंपनियों के CEO से अलग बैठक की। इसमें लालवाला इंडस्ट्रीज (1,200 करोड़), स्पिंट्रॉनिक्स AI (1,800 करोड़), इंडसिलिका (100 करोड़), नैनोड्राइट्स (65 करोड़) और उना इको (2,000 करोड़) ने निवेश प्रस्ताव दिए।

*नीति का बहुभाषी विमोचन और MoU*

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025 का जापानी, ताइवानी और कोरियाई भाषा में विमोचन किया। MPSEDC ने 5 संस्थानों - इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल, SEMI इंडिया, SCL मोहाली, इंटरनेशनल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री ग्रुप लंदन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज, मुंबई से MoU किए।

*प्रदर्शनी और स्टार्टअप चैलेंज*

समिट में 57 प्रदर्शकों ने 70 बूथों पर स्वदेशी चिप्स और तकनीक का प्रदर्शन किया। MP सेमीकॉन स्टार्टअप चैलेंज में 25 स्टार्टअप्स में से 10 फाइनलिस्ट चुने गए, जिनमें से विजेताओं को 6 लाख रुपये के पुरस्कार मिले।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, प्रमुख सचिव एम. सेल्वेंद्रन और लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीन बख्शी ने कहा कि MP की नीति देश में श्रेष्ठ है और यहां परिचालन लागत महानगरों से 30 प्रतिशत कम है।

Kolar News 23 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.