Advertisement
भोपाल, 23 अक्टूबर।* नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गुरुवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने लोकतंत्र और आंदोलनों, EVM-SIR, निवेश-रोजगार, मास्टर प्लान और नगरीय निकायों में खरीदी में भ्रष्टाचार को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
*आंदोलनकारियों को भीड़ कहना अनुचित*
सिंघार ने कहा कि आम नागरिक अपने अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाते हैं। उन्हें भीड़तंत्र कहना अनुचित है। अगर सरकार लोकतंत्र में विश्वास करती है तो बैलेट पेपर से चुनाव और EVM बंद करने की मांग पर जवाब क्यों नहीं देती। SIR के तहत मतदाता सूची पर भी सवाल उठाए और कांग्रेस को जनता की आवाज बताया।
*निवेश के दावे बड़े, जमीन पर कितना उतरा?*
सेमीकंडक्टर हब और निवेश प्रस्तावों पर सिंघार ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरों के बाद लाखों-करोड़ों के निवेश के दावे होते हैं, लेकिन हकीकत में कितना निवेश जमीन पर उतरा है, यह बताना चाहिए। सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट कब शुरू होंगे और कितने लोगों को रोजगार मिलेगा? पोर्टल पर पंजीकृत 25 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार कब मिलेगा, इसका जवाब सरकार दे।
*मास्टर प्लान पर खुले मंच से चर्चा हो*
मास्टर प्लान पर व्यापारियों और किसानों के विरोध पर सिंघार ने कहा कि मास्टर प्लान आम लोगों की राय से बनना चाहिए। सरकार आपत्ति दर्ज कराने के लिए पर्याप्त समय क्यों नहीं दे रही? नगरीय निकायों के मास्टर प्लान में बड़ा घोटाला हो रहा है। किसानों, व्यापारियों और सिविल सोसाइटी को पर्याप्त समय दिया जाए और खुले मंच पर चर्चा कराई जाए।
*नगर निकायों में भ्रष्टाचार सरकार करा रही है!*
सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में सरकारी खरीदी में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री रोक नहीं लगाना चाहते। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह भ्रष्टाचार उनके संरक्षण में हो रहा है?
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |