Advertisement
नई दिल्ली। भारत की संसद 26 और 27 अक्टूबर को संसद भवन परिसर के संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम का आयोजन करेगी। इसका उद्घाटन 26 अक्टूबर को होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को संसद भवन में प्रेस वार्ता में बताया कि यह सम्मेलन भारत के संसदीय राजनय के इतिहास में नया अध्याय है। इसमें ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के पीठासीन अधिकारी, सांसद, केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, राज्य विधानमंडलों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे और आगंतुक शिष्टमंडलों के नेताओं से भेंट करेंगे। 25 अक्टूबर को संयुक्त वक्तव्य को अंतिम रूप देने के लिए शिष्टमंडलों के सचिवों की बैठक होगी।
*थीम - जन-केंद्रित विकास हेतु संसदों का सशक्तिकरण
ओम बिरला ने बताया कि इस बार की मुख्य थीम "जन-केंद्रित विकास हेतु संसदों का सुदृढ़ीकरण" है। इसमें चार उच्च स्तरीय सत्रों में संवाद होगा -
1. *रेजिलिएंस -* बेहतर भविष्य के लिए संस्थाओं को मजबूत करने में संसदों की भूमिका
2. *नवोन्मेष -* AI और डिजिटल तकनीक में मानव-केंद्रित नवाचार को बढ़ावा
3. *सहयोग -* संसदीय सहयोग से अधिक प्रतिनिधि वैश्विक शासन व्यवस्था
4. *सस्टेनेबिलिटी -* सतत और समावेशी भविष्य में संसदों की भूमिका
इसके अलावा ब्रिक्स देशों की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समितियों के चेयरपर्सन की विशेष बैठक होगी, जिसमें संसदीय राजनय, क्षमता निर्माण और बेस्ट प्रैक्टिस पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पूर्ण सत्र, समानांतर बैठकें, द्विपक्षीय संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उपराष्ट्रपति अतिथियों के सम्मान में भोज देंगे। शिष्टमंडल संसद भ्रमण और दिल्ली में सांस्कृतिक भ्रमण भी करेंगे। सम्मेलन का समापन 27 अक्टूबर को होगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |