Advertisement
मुंबई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बुधवार को मुंबई के बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर में INDIA CHEM 2026 के 14वें संस्करण का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 2014 में देश का केमिकल और पेट्रोकेमिकल बाजार 120 अरब डॉलर का था, जो आज दोगुने से ज्यादा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस सेक्टर को नई गति मिली है। यह उद्योग कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा और विनिर्माण में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है।
CM ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेश-अनुकूल माहौल और उद्योग हितैषी नीतियों के साथ इस क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार है। पीएम मोदी के नेतृत्व में इस क्षेत्र में करीब 1 लाख करोड़ का FDI आया है। MP का बीना पेट्रोकेमिकल का नया गढ़ बन रहा है, जहां 50 हजार करोड़ की लागत से डाउन स्ट्रीम पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट का भूमिपूजन हुआ है। यहां हर साल 22 हजार से ज्यादा पेट्रोकेमिकल उत्पाद बनेंगे।
उन्होंने बताया कि छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए रायसेन के तामोट में 121 एकड़ और ग्वालियर के बिलोवा में 93 एकड़ में अत्याधुनिक प्लास्टिक पार्क बनाए गए हैं।
CM ने कहा कि यह आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी के समय शुरू हुआ था और आज दक्षिण एशिया का प्रमुख औद्योगिक मंच बन गया है। तीन दिन के इस मंथन से निवेश, साझेदारी और नवाचार के नए अवसर खुलेंगे, जो MP में समृद्धि और रोजगार के द्वार खोलेंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |