Advertisement
रायपुर -* पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और शहीद परिवारों का सम्मान किया। राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के प्रांगण में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता हमारे वीर पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक नक्सल हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर सहित दूरस्थ अंचलों में आज शांति, सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण बना है। इस ऐतिहासिक परिवर्तन के पीछे उन असंख्य वीर जवानों का त्याग है जिन्होंने प्रदेश और देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करेगा।
*शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि -*
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिजनों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों की शौर्यगाथा को याद करने का दिन है। हमारे पुलिस और सुरक्षा बल कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अदम्य साहस के साथ नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्हीं की वीरता से समाज में शांति का वातावरण सुनिश्चित होता है।
उन्होंने 21 अक्टूबर 1959 की घटना का स्मरण किया जब लद्दाख में भारत-तिब्बत सीमा पर तैनात भारतीय पुलिस के 10 जवानों ने चीनी सैनिकों के बड़े दस्ते का वीरता से सामना किया था और सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस केवल श्रद्धांजलि का दिन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन भी है। एक जवान के पीछे उसके पूरे परिवार का त्याग और धैर्य भी होता है, इसलिए शहीद परिवारों का सम्मान और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
*नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष में जवानों ने रचा शौर्य का इतिहास -*
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का पुलिस स्मृति दिवस छत्तीसगढ़ के लिए विशेष महत्व रखता है। प्रदेश ने नक्सलवाद के विरुद्ध लंबे संघर्ष के बाद शांति और विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इसमें छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों का योगदान अविस्मरणीय है।
जवानों ने घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और कठिन परिस्थितियों में अपने जीवन की परवाह किए बिना संघर्ष किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के उन्मूलन का संकल्प साकार हुआ है। केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से बस्तर में शांति और विश्वास का नया माहौल बना है।
*जहां कभी भय था, वहां अब विकास की रोशनी -*
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और भय था, वहां अब विकास की नई तस्वीर दिख रही है। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं और लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास बढ़ा है।
नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से वंचित जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सुरक्षा और विकास के समन्वित प्रयासों से बस्तर में सकारात्मक बदलाव की नई यात्रा शुरू हुई है। अब चुनौती शांति को स्थायी बनाने और विकास की गति को तेज करने की है।
*पुलिस बल के आधुनिकीकरण पर जोर -*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस और सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से सशक्त बनाने, बेहतर प्रशिक्षण देने और जवानों के परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। कानून का शासन, नागरिकों की सुरक्षा और जनता का विश्वास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा बल साहस, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रदेश की शांति और प्रगति के प्रहरी बने रहेंगे।
*उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा - बलिदान सदैव स्मरणीय -*
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 की अवधि में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में छत्तीसगढ़ पुलिस के अनेक वीर जवानों ने वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। आज जवान शांति सुनिश्चित करने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने में भी भूमिका निभा रहे हैं।
*पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा - निर्णायक सफलता मिली -*
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय तक माओवादी हिंसा की चुनौती से जूझता रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा बलों के सामूहिक साहस और बलिदान से नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में निर्णायक सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक नक्सल विरोधी कार्रवाइयों में 84 नक्सली मारे गए, जबकि इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस के छह वीर जवानों ने कर्तव्य के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार का हिस्सा हैं और पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
*शहीद वाटिका में भी अर्पित किए श्रद्धासुमन -*
पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका भी पहुंचे। उन्होंने अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के नामों की पट्टिका पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों का बलिदान सदैव अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारी और शहीद परिवार उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |