Advertisement
रायपुर / जशपुर -* मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जशपुर जिले में सड़क और पुल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि जिले के दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय अंचलों को जिला मुख्यालय और संभाग के अन्य जिलों से बारहमासी, सुरक्षित और सुगम सड़क संपर्क से जोड़ा जाए।
इसी कड़ी में जशपुर-सन्ना मार्ग पर मरगा नाला में 4 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है।
*संकरी पुलिया बनी थी बड़ी समस्या -*
स्थानीय लोगों के मुताबिक मरगा नाला पर मौजूद पुरानी पुलिया काफी संकरी और नीची है। उसकी चौड़ाई कम होने के कारण दो वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल होता था। सुबह-शाम पीक आवर में लंबा जाम लगता था। ट्रक, बस जैसे बड़े वाहनों को निकलने में भारी दिक्कत आती थी और कई बार यातायात पूरी तरह ठप हो जाता था।
बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ जाते थे। नाले में पानी बढ़ने पर पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगता था, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती थी और कई-कई घंटों तक सड़क बंद हो जाती थी। विद्यार्थियों का स्कूल जाना, मरीजों का अस्पताल पहुंचना और किसानों का बाजार जाना प्रभावित होता था।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस स्थान पर उच्च स्तरीय, चौड़ा और मजबूत पुल बनाने के निर्देश दिए थे। नया पुल ऊंचा होने से बरसात में भी पानी के ऊपर रहेगा और चौड़ा होने से आवागमन पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु होगा।
*चार जिलों को जोड़ेगा यह पुल -*
जशपुर-सन्ना मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि जशपुर जिले की लाइफ लाइन है। यह मार्ग जशपुर जिला मुख्यालय को सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों से जोड़ता है। हजारों लोग रोज इस मार्ग से आते-जाते हैं।
मरगा नाला पर नया पुल बनने से इन चारों जिलों के बीच का संपर्क और मजबूत होगा। इससे किसानों को अपनी कृषि उपज को बाजार तक ले जाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को स्कूल कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी, व्यापारियों को माल परिवहन में तेजी आएगी और मरीजों को अस्पताल तक त्वरित पहुंच मिलेगी। कुल मिलाकर यह पुल क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा।
*जिले में 22 हाई लेवल पुलों का जाल, 109 करोड़ की स्वीकृति -*
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में केवल एक पुल नहीं, बल्कि पूरे पुल नेटवर्क को नया आकार दिया जा रहा है। सरकार ने जिले के विभिन्न नदी-नालों पर 22 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए लगभग 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
जशपुर जिला पहाड़ी और जंगली इलाका है, जहां कई छोटी-बड़ी नदियां और नाले हैं। इनमें से ज्यादातर जगहों पर अभी भी पुरानी, छोटी पुलिया या रपटा है। बारिश में इन जगहों पर आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है। कई गांव टापू बन जाते हैं। इन 22 पुलों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों को जिला मुख्यालय से पूरे साल का संपर्क मिलेगा और जनजातीय अंचलों में विकास कार्यों में तेजी आएगी।
*मुख्यमंत्री की प्राथमिकता - अंतिम व्यक्ति तक विकास -*
सरकार का मानना है कि सड़क ही विकास की पहली सीढ़ी है। जब तक गांव-गांव तक पक्की और सुरक्षित सड़क नहीं होगी, तब तक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की योजनाओं का पूरा लाभ लोगों तक नहीं पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी पुल निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। मरगा नाला पर बन रहा पुल इसी सोच का हिस्सा है।
*क्षेत्रवासियों ने जताया आभार -*
पुल निर्माण कार्य में तेजी आने से क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे थे। संकरी पुलिया के कारण उन्हें रोज परेशानी झेलनी पड़ती थी। नया पुल बनने की खबर से लोगों में खुशी है और उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |