Advertisement
भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, भोपाल में मतदाता सूची से संबंधित विषयों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जे.पी. धनोपिया, प्रभारी चुनाव आयोग कार्य, एवं ललित सेन, प्रभारी मतदाता सूची के नेतृत्व में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में सामने आ रही विसंगतियों और मतदाताओं की समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए।
मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। इसकी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाने के नाम पर यदि पात्र मतदाताओं के नाम छूट रहे हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
कांग्रेस ने बैठक में निम्नलिखित प्रमुख आपत्तियां एवं सुझाव दिए।
1. फॉर्म-6 के लंबित आवेदनों की सूची सार्वजनिक की जाए: कांग्रेस ने मांग की कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए पूर्व में फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करने वाले ऐसे मतदाताओं की सूची जारी की जाए, जिनके नाम SIR के अंतर्गत तैयार मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। इससे आवेदनों की स्थिति स्पष्ट होगी और संबंधित मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
2. पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं: फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करने वाले सभी पात्र मतदाताओं के आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण किया जाए। जनवरी 2025 में प्रकाशित संबंधित मतदाता सूची के संदर्भ में उनके नामों की जांच कर पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
3. SIR की अंतिम मतदाता सूची में छूटे नामों की समीक्षा हो: कांग्रेस ने आपत्ति जताई कि जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल थे, लेकिन किसी कारणवश अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए, उनके मामलों की गंभीरता से समीक्षा की जानी चाहिए। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया में सामने आई विसंगतियों को दूर करने तथा SIR के अंतर्गत तैयार मतदाता सूची की वैधता एवं शुद्धता की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने की मांग की।
4. मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया दीपावली के बाद शुरू की जाए: कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया के लिए पर्याप्त समय और अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराई जानी चाहिए। वर्तमान में दीपावली के त्योहार को देखते हुए इस प्रक्रिया को त्योहार के बाद शुरू करना उचित होगा, ताकि नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकें और निर्वाचन अधिकारी भी आवेदनों का समुचित परीक्षण कर सकें। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित कर सकता है। इसलिए निर्वाचन आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता के साथ अन्याय न हो और सभी आपत्तियों का पारदर्शी एवं नियमानुसार निराकरण किया जाए।कांग्रेस का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। निर्वाचन आयोग को कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत आपत्तियों एवं सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जे.पी. धनोपिया, प्रभारी चुनाव आयोग कार्य, एवं ललित सेन, प्रभारी मतदाता सूची, भी उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |