Advertisement
भोपाल। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि उमरिया पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी सुरक्षा और न्याय की मांग करने आई आदिवासी महिलाओं के चरित्र और रंग-रूप पर तंज कसना न सिर्फ महिलाओं की गरिमा पर चोट है, बल्कि पूरे प्रदेश को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ढाढस बंधाने और दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस अधीक्षक द्वारा उनका अपमान करना बेहद शर्मनाक और अक्षम्य है|
अजय सिंह ने कहा कि एक संवेदनशील संवैधानिक पद पर बैठे जिले के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी के मुंह से आधी आबादी और विशेषकर आदिवासी समाज की माता बहनों के प्रति ऐसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने की यह घटना दर्शाती है कि प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों का अहंकार किस स्तर पर पहुंच चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से दोषी अधिकारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में आदिवासियों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है| जब रक्षक ही इस तरह भक्षक की भाषा बोलने लगें, तो जनता न्याय के लिए कहाँ जाएगी।
अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर 'सुशासन' और 'महिला सशक्तिकरण' के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन उमरिया की यह घटना उनके दावों की जमीनी हकीकत को उजागर करती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस अहंकारी अधिकारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाए और मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |