Advertisement
रायपुर। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. (आईएएस) ने रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसकी जानकारी प्रदेश के सुदूर अंचलों के युवाओं तक भी पहुंचे।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अधिक से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और नियोजकों से सीधे संपर्क स्थापित कर अतिरिक्त रिक्तियां प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उद्योगों एवं नियोजकों से भी रोजगार मेले में सक्रिय भागीदारी कर अपने संस्थानों में उपलब्ध अधिक से अधिक रिक्त पदों की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
प्रमुख उद्योगों से लगातार किया जा रहा संपर्क – हेमंत रमेश नंदनवार
संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने बताया कि राज्यस्तरीय रोजगार मेले के लिए विभागीय स्तर पर रिक्तियों के संकलन का कार्य लगातार जारी है। अब तक 36 नियोजकों एवं प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है और उपलब्ध रिक्तियों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अन्य प्रमुख उद्योगों एवं नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। मेले में अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन एवं चयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
युवाओं से अपील – ई-रोजगार पोर्टल पर शीघ्र करें आवेदन
विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल –https://www.erojgar.cg.gov.in/पर शीघ्र पंजीयन कर अपनी प्रोफाइल को पूर्ण एवं अद्यतन करें तथा राज्यस्तरीय रोजगार मेले के अंतर्गत प्रदर्शित रिक्तियों में अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करें।
जिन अभ्यर्थियों का आधार एवं मोबाइल नंबर संबंधी विवरण अद्यतन नहीं है, वे आवश्यक जानकारी तत्काल अपडेट कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें। आयोजन, आवेदन एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित अद्यतन जानकारी के लिए अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल एवं अपने लॉगिन का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |