Advertisement
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर गुटबाजी के बीच राहुल गांधी के एक बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम के ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और BJP नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा BJP नेता बताया। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह के साथ उनकी अच्छी बनती है और वे ‘कूल’ हैं। राहुल गांधी ने उनकी सैन्य इतिहास पर पकड़ की भी तारीफ की और मजाकिया अंदाज में कहा, ‘हैलो, अंकल अमरिंदर।’ इस बयान के बाद पंजाब कांग्रेस में अमरिंदर सिंह की संभावित वापसी और आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से अपनी पार्टी बनाई, जिसका 2022 में BJP में विलय कर दिया गया। फिलहाल पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खेमों के बीच मतभेद की चर्चा है। ऐसे में राहुल गांधी का अमरिंदर सिंह के साथ अपने संबंधों को लेकर दिया बयान राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर पार्टी या खुद कैप्टन की ओर से कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |