Advertisement
इंदौर में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन छात्रों से 5.29 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने छात्रों को भरोसे में लेने के लिए फर्जी ऑफर और जॉइनिंग लेटर तक तैयार कर दिए। छात्रों ने जब इन्हीं दस्तावेजों के साथ संबंधित एयरपोर्ट और एयरलाइंस कार्यालय में पहुंचकर नौकरी जॉइन करने की कोशिश की, तो अधिकारियों ने दस्तावेजों को फर्जी बता दिया। इसके बाद युवाओं को ठगी का पता चला। तुकोगंज पुलिस ने अमित कुमार प्रजापति, रितेश वर्मा और मनस्वी गेहलोत की शिकायत पर विनोबा नगर निवासी वैभव मेहता के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पहले एक कोचिंग संस्थान में ट्रेनर था और नौकरी छोड़ने के बाद उसने छात्रों को एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक छात्र से 1.14 लाख, दूसरे से 2.74 लाख और तीसरे से 1.40 लाख रुपए लिए। कुल रकम 5.29 लाख रुपए बताई गई है। मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी ने अन्य युवाओं को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया। नौकरी के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति को OTP, UPI PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही फर्जी नौकरी के ऑफर, अनजान लिंक और बिना सत्यापन के दस्तावेजों पर भरोसा करने से बचना चाहिए।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |