Advertisement
जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी नकबजनी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी के पैसों से खरीदी गई ऑल्टो और होंडा अमेज कार और 54 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। मामला 12 जून का है, जब पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने पुराने मकान में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार के साथ नए मकान में रात बिताने के बाद सुबह लौटने पर मुख्य गेट और अलमारी के ताले टूटे मिले थे। घर से आभूषण और लाखों रुपए नकद गायब थे। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट और FSL टीम की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पनागर क्षेत्र के भरदा पड़रिया गांव के तीन युवकों के पास अचानक बड़ी रकम आई है और उन्होंने हाल ही में दो कारें खरीदी हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अंकित कोरी, आकाश पटेल और शनि पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और तलाशी में चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के गहनों को बेचने या गिरवी रखने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इसके अलावा और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |