राज्यसभा में रिजिजू-खड़गे के बीच तीखी बहस, नए सांसदों को लेकर भी हुई नोकझोंक
संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को राज्यसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच तीखी बहस देखने को मिली। खड़गे ने कहा कि सदन में कब, क्या और कैसे बोलना है, यह तय करना उनका अधिकार है और वे केवल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में जवाब देने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष विपक्षी सांसदों का अपमान कर रहा है और संसदीय परंपराओं का पालन नहीं किया जा रहा।
जवाब में किरेन रिजिजू ने कहा कि एक ही सदस्य किसी मुद्दे पर बार-बार नहीं बोल सकता और कांग्रेस अपने नए सांसदों को भी बोलने का अवसर नहीं दे रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि नए सांसद पवन खेड़ा को अब तक स्वागत भाषण देने का मौका भी नहीं मिला। वहीं, लोकसभा में लगातार हंगामे के चलते कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। स्पीकर ओम बिड़ला ने विपक्ष के आचरण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि देश सरकार का जवाब सुनना चाहता है, लेकिन विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।