गोवा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, कांग्रेस-GFP गठबंधन पर चर्चा; AAP ने भी दिए साथ आने के संकेत
गोवा में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों ने राजनीतिक रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के बीच गठबंधन को लेकर शुरुआती दौर की बातचीत हुई है। गोवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडंकर ने बताया कि उन्होंने GFP प्रमुख विजय सरदेसाई के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की है और सीट बंटवारे समेत अन्य विषयों पर जल्द फिर बैठक होगी। दोनों दल 2022 का विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ चुके हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन के संकेत दिए हैं। पार्टी का कहना है कि उसका मुख्य लक्ष्य बीजेपी को सत्ता से बाहर करना है। दूसरी ओर, 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में फिलहाल बीजेपी 33 विधायकों के समर्थन के साथ मजबूत स्थिति में है और 2027 चुनाव में 30 से अधिक सीटें जीतकर लगातार चौथी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।