सीधी में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, राशन दुकानों में सेंध लगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सीधी जिले के बहरी थाना पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी में इस्तेमाल किया गया डीसीएम वाहन भी जब्त किया है। जांच के अनुसार, गिरोह ने ग्राम मायापुर सहित पड़रिया, तरका और खोचीपुर की राशन दुकानों को निशाना बनाकर बड़ी मात्रा में गेहूं और चावल चोरी किया था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डीसीएम वाहन का पता लगाया, जिसके जरिए रीवा निवासी राजबहोर साकेत को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर गिरोह के एक अन्य सदस्य अमर पटेल को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, शहडोल और मैहर समेत कई जिलों में चोरी के अनेक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह पहले सरकारी राशन दुकानों की रेकी करता था और फिर रात में ताला तोड़कर अनाज डीसीएम वाहन में भरकर फरार हो जाता था। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जब्त वाहन की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे गिरोह की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।