भोपाल में गैस सिलेंडर रिफिलिंग का खेल बेनकाब, दो कर्मचारी गिरफ्तार
राजधानी भोपाल के टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भरने का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग ने आरिफ नगर इलाके में छापेमारी कर एक गैस एजेंसी से जुड़े दो कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान 24 घरेलू गैस सिलेंडर, गैस ट्रांसफर करने वाला विशेष उपकरण और सिलेंडरों से भरा वाहन जब्त किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, कर्मचारी उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाने से पहले उनमें से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान आरोपी वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच में कुछ सिलेंडरों में गैस कम और कुछ में अतिरिक्त गैस भरी होने के संकेत मिले, जबकि दो सिलेंडरों की सील भी टूटी हुई पाई गई। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग अब एजेंसी के स्टॉक रिकॉर्ड और वितरण व्यवस्था की जांच कर यह पता लगा रहा है कि इस गड़बड़ी में और कौन-कौन शामिल है।