राज्यसभा में खड़गे का सरकार पर हमला, पेपर लीक कानून और छात्र मुद्दों पर उठाए सवाल
राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेपर लीक से जुड़े पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में करीब सवा लाख छात्रों ने आत्महत्या की है और सरकार ने छात्रों की समस्याओं को समय रहते गंभीरता से नहीं लिया। खड़गे ने कहा कि नया संशोधन विधेयक केवल आंकड़ों में बदलाव करता है, जबकि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और पेपर लीक रोकने के लिए ठोस सुधारों की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ सजा और जुर्माना बढ़ाने से पेपर लीक की घटनाएं नहीं रुकेंगी।
खड़गे ने छात्र आंदोलनों के दौरान पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गृह मंत्री अमित शाह इस मुद्दे पर जवाब नहीं दे सकते तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि हाल के वर्षों में 152 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में नियुक्तियों और नए पाठ्यक्रम को लेकर भी सरकार की आलोचना की। खड़गे के कुछ बयानों पर सत्ता पक्ष ने सदन में जोरदार विरोध और हंगामा भी किया।