इंदौर भाजयुमो अध्यक्ष पद पर मयूरेश पिंगले का पलड़ा भारी, जल्द हो सकती है घोषणा
इंदौर भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नगर अध्यक्ष पद को लेकर संगठन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दतिया उपचुनाव के बाद नई नियुक्तियों की सूची जारी होने की संभावना के बीच वर्तमान नगर महामंत्री मयूरेश पिंगले का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आया है। संगठन में उनके अनुभव, विवादों से दूर छवि और वरिष्ठ नेताओं के समर्थन को उनकी दावेदारी की बड़ी वजह माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश नेतृत्व अध्यक्ष पद पर मयूरेश पिंगले और महामंत्री पद पर अक्षांशु तिवारी के नाम पर संतुलन बनाने की रणनीति पर विचार कर रहा है। इंदौर नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा द्वारा भेजे गए पैनल के बाद प्रदेश स्तर पर मंथन जारी है। हालांकि अंतिम फैसला संगठन नेतृत्व करेगा और आधिकारिक घोषणा के बाद ही नए नगर अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगेगी।