हरित प्रदेश अभियान: मियावाकी पद्धति से विकसित होगा 'नमोवन', बनेगा शहर का ऑक्सीजन बैंक
हरित प्रदेश अभियान के तहत 'नमोवन' में मियावाकी पद्धति से व्यापक पौधरोपण किया गया। पत्रिका और नगर निगम की अगुवाई में आयोजित इस अभियान के दौरान 11,111 पौधे लगाए गए, जिसमें सामाजिक संस्थाओं, नागरिकों और बेटियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। अब तक नमोवन में 66 हजार से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं, जबकि 13 हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 1 लाख 23 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान में छायादार और फलदार पौधों को प्राथमिकता दी गई है।
महापौर अमृता यादव ने बताया कि नगर निगम के प्रयासों से एक वर्ष के भीतर नमोवन में लगाए गए 56 हजार पौधे सफलतापूर्वक विकसित होकर हरियाली में बदल चुके हैं। वहीं आयुक्त प्रियंका सिंह राजावत ने कहा कि मियावाकी पद्धति से यहां घना और प्राकृतिक जंगल तैयार किया जा रहा है, जो भविष्य में शहर के लिए एक बड़े ऑक्सीजन बैंक के रूप में विकसित होगा। निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा और जल समिति अध्यक्ष राजेश यादव ने भी विश्वास जताया कि यह परियोजना शहर की हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगी।