Advertisement
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट स्थित देवांगना घाटी सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले पटेल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर भरतकूप क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
यह मामला 22 जुलाई का है, जब मध्य प्रदेश के सतना की रहने वाली नीट की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा अपने 17 वर्षीय मित्र के साथ चित्रकूट की देवांगना घाटी गई थी। आरोप है कि तीन युवकों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताकर दोनों को रोका, छात्र के साथ मारपीट कर उसे बांध दिया और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जांच के दौरान पीड़िता और उसके साथी ने तीनों आरोपियों की पहचान की थी। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |