राजगढ़ में दर्दनाक हादसा: तालाब में गिरी कार, पांच लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। खुजनेर थाना क्षेत्र के भीलखेड़ी जोड़ के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को बाहर निकालकर खुजनेर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पहले चार लोगों को मृत घोषित किया। एक व्यक्ति को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार के शीशे बंद थे और दरवाजे लॉक हो जाने के कारण सवार बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।