Advertisement
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी और नीट पेपर लीक मामले को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा में भी जोरदार हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर देर रात तक धरना-प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदर्शनकारी छात्रों को 'कीड़ा' कहा है और सदन में छात्रों पर हुई बर्बरता पर चर्चा से इनकार कर दिया।
धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की और आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुस्लिम व यूसीसी जैसे विषयों को उछाल रही है। वहीं, सदन के भीतर यूसीसी बिल को लेकर भी भारी विरोध और नारेबाजी देखने को मिली। विपक्ष ने इसे प्रवर समिति को भेजने और ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग की, जिसके कारण सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |