Advertisement
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का पहला दिन किसानों के मुद्दे पर जोरदार हंगामे के साथ शुरू हुआ। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने खाद संकट, बीज की कमी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और सरकारी खरीदी में अनियमितताओं को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के मुखौटे पहनकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, जौरा विधायक पंकज उपाध्याय अपने सवाल बार-बार स्थगित किए जाने से नाराज होकर गांधी प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गए।
सदन के भीतर उज्जैन जमीन खरीद मामले पर कांग्रेस के स्थगन प्रस्ताव को लेकर भी सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कांग्रेस विधायकों ने आसंदी के सामने पहुंचकर नारेबाजी की, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान गंभीर संकट में है, लेकिन सरकार समाधान खोजने के बजाय केवल औपचारिकताओं में उलझी हुई है और किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |