बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर के समर्थन में आए खेसारी लाल, बोले- एक बार पढ़े-लिखे नेतृत्व को मौका दें
बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर पढ़े-लिखे नेता हैं और उनके पास बिहार के विकास के लिए स्पष्ट विजन व रोडमैप है। खेसारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जाति और पारंपरिक राजनीति से ऊपर उठकर इस बार एक योग्य और शिक्षित व्यक्ति को अवसर देना चाहिए, जो युवाओं के रोजगार और प्रदेश के भविष्य के लिए काम कर सके।
खेसारी लाल ने कहा कि नेता समाज के अभिभावक की तरह होता है और यदि नेतृत्व सही हो तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी बेहतर बन सकता है। गौरतलब है कि पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतरे हैं और बांकीपुर सीट से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार हैं। भाजपा के गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।