भोपाल में नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, राजस्थान से स्मैक लाकर बेचने वाले 12 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक नाबालिग समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 74.27 ग्राम स्मैक, 927 ग्राम गांजा, 1.4 ग्राम एमडी ड्रग, एक कार, दो दोपहिया वाहन और सात मोबाइल जब्त किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि स्मैक राजस्थान के झालावाड़ से भोपाल लाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, कटारा हिल्स क्षेत्र में स्मैक की खेप की सूचना पर घेराबंदी कर सात आरोपियों को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि झालावाड़ के तस्कर नानूराम तंवर, पप्पूलाल तंवर और देव सिंह तंवर स्मैक उपलब्ध कराते थे, जिसे शाहरुख अंसारी भोपाल लाकर रितिक नामदेव, कौशल जाटव और चंदा सिसोदिया के जरिए सप्लाई करता था। वहीं गांजा तस्करी में दो महिलाएं और एमडी ड्रग बेचने आई एक नाबालिग भी पकड़ी गई है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह की जांच कर रही है।