भोपाल में लकी ड्रॉ के नाम पर 9.55 लाख की ठगी, थार SUV का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने बनाया शिकार
राजधानी भोपाल में साइबर ठगों ने लकी ड्रॉ में थार SUV जीतने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 9.55 लाख रुपये की ठगी कर ली। बागसेवनिया थाना क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय अनंत मसीह से ठगों ने खुद को उर्मी फ्रेंडशिप एंड डेटिंग क्लब का प्रतिनिधि बताकर संपर्क किया और दावा किया कि वह सुपर सिक्स लकी ड्रॉ के विजेता हैं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, सदस्यता, आरटीओ, बीमा, जीएसटी और अन्य शुल्क के नाम पर उनसे अलग-अलग किश्तों में लाखों रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए।
इसके बाद आरोपियों ने वीआईपी सदस्यता का लालच देकर सुरक्षा शुल्क, स्वास्थ्य बीमा और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर भी रकम वसूली। जब पीड़ित ने कार या सदस्यता का लाभ नहीं मिलने पर पैसे वापस मांगे तो उससे और 28,707 रुपये जमा करने की मांग की गई। 25 अप्रैल से 5 जून 2026 के बीच गूगल पे के जरिए कुल 9,55,487 रुपये की ठगी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।