'भोपाल के नेता ही नहीं बनने देना चाहते कांग्रेस की सरकार', विधायक भेरूसिंह परिहार का बड़ा हमला
मध्यप्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा से कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार ने प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता प्रदेश में कांग्रेस की सरकार चाहती है, लेकिन भोपाल में बैठे पार्टी के नेता ही ऐसा नहीं होने देना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक को दरकिनार कर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है और यदि यही स्थिति रही तो वह पार्टी छोड़ने पर भी विचार कर सकते हैं।
भेरूसिंह परिहार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें पहले पार्टी का "घर" संभालना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह के सुसनेर दौरे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि ब्लॉक और नगर कार्यकारिणी की बैठकों की जानकारी उन्हें नहीं दी गई, यहां तक कि कार्यक्रम के बैनर-पोस्टर में भी उनकी तस्वीर नहीं लगाई गई। विधायक ने यह भी दावा किया कि बैठक में शामिल कुछ नेता चुनाव के दौरान कांग्रेस को हराने का काम कर चुके हैं। उनके इन बयानों ने प्रदेश कांग्रेस में जारी गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर असंतोष को फिर से उजागर कर दिया है।