अशोकनगर को विकास की बड़ी सौगात, 6 करोड़ का कॉल सेंटर और 30 करोड़ से होगा शहर का कायाकल्प
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में युवाओं के लिए रोजगार और शहर के विकास को लेकर बड़ी घोषणाएं की गई हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि रिलायंस और जियो के सहयोग से 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कॉल सेंटर भवन बनाया जाएगा, जिससे करीब 2 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। वर्तमान में चल रहे कॉल सेंटर में 592 युवाओं को रोजगार मिल रहा है, जबकि नए भवन से अशोकनगर के साथ गुना और शिवपुरी के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही जिले में 5200 करोड़ रुपये की 18 विकास योजनाओं की प्रगति की निगरानी के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ भाजपा मंडल अध्यक्षों को भी जिम्मेदारी दी जाएगी।
इसके अलावा अशोकनगर के सौंदर्यीकरण के लिए 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि निजी कंपनियों के सहयोग से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का विकास होगा। दिशा समिति की बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, मेडिकल कॉलेज, राजघाट जलापूर्ति योजना, 350 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल और मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत कई परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।