बांकीपुर उपचुनाव से पहले RJD में हलचल, मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे से बढ़ी सियासी हलचल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव के साथ लंबे समय से चले आ रहे मतभेद, संगठन में कथित उपेक्षा और जिम्मेदारियां कम किए जाने से नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया। इस्तीफे की जानकारी मिलने के बाद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया है, ताकि उन्हें मनाकर पार्टी में बनाए रखा जा सके।
इधर, पार्टी के भीतर शक्ति यादव की संपत्ति में कथित बढ़ोतरी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, औरंगाबाद से राजद सांसद अभय कुशवाहा के भाजपा के संपर्क में होने की चर्चाओं ने सियासी अटकलों को और तेज कर दिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उपचुनाव से पहले आरजेडी में बढ़ती अंदरूनी खींचतान विपक्षी राजनीति के लिए नई चुनौती मानी जा रही है।