शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का योगी सरकार पर फिर निशाना, पीएम मोदी और राम मंदिर ट्रस्ट पर भी उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मेहनौन में आयोजित एक कार्यक्रम में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अपने पहले दिए गए 'कालनेमि' वाले बयान को दोहराते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति बाहर से संत का स्वरूप दिखाए लेकिन उसके कार्य अलग हों, उसका मूल्यांकन उसी आधार पर होगा। शंकराचार्य ने प्रदेश में गोहत्या, मांस तस्करी और अवैध गतिविधियों पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि इन्हें पूरी तरह रोकने में सफलता नहीं मिली है।
शंकराचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े दान और अन्य विवादों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर अयोध्या से जुड़े मुद्दों पर खुलकर न बोलने का आरोप लगाया, जबकि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ पुराने मतभेद खत्म होने की बात कही। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की हालिया टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वह उनके खिलाफ नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदर्भ में थी और वह अपने विचार सार्वजनिक रूप से रखते रहेंगे।