बांकीपुर उपचुनाव में BJP का महिला कार्ड, छह महिला नेताओं को सौंपी प्रचार की जिम्मेदारी
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने महिला नेतृत्व पर बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची में छह महिला नेताओं—पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, विधायक मैथिली ठाकुर, एमएलसी शीला प्रजापति, पटना की मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर रेशमी चंद्रवंशी और सुषमा साहू—को शामिल किया है। माना जा रहा है कि भाजपा महिला मतदाताओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, रेणु देवी को अति पिछड़ा वर्ग (EBC) के मतदाताओं, रेशमी चंद्रवंशी को पिछड़ा और दलित वर्ग तथा शीला प्रजापति को महिला मतदाताओं के बीच प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा का लक्ष्य अलग-अलग सामाजिक समूहों तक अपने प्रचार अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाकर बांकीपुर उपचुनाव में चुनावी बढ़त हासिल करना है।