पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस की 200 किमी साइकिल यात्रा शुरू
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को इंदौर से भोपाल तक करीब 200 किलोमीटर की ‘जेन-जी साइक्लोथॉन’ को हरी झंडी दिखाई। यह यात्रा नीट-यूजी, सीबीएसई परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था अव्यवस्था और भ्रष्टाचार से प्रभावित है तथा पिछले वर्षों में पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने की घटनाओं ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य छात्रों की आवाज को मजबूत करना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाना है।
जीतू पटवारी ने कहा कि यह अभियान राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ मुहिम का हिस्सा है। उन्होंने हर पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई। दो दिनों में भोपाल पहुंचने वाली इस यात्रा में इंदौर के अलावा देवास, सीहोर सहित कई जिलों से छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान युवाओं के भविष्य और निष्पक्ष भर्ती-परीक्षा प्रणाली के समर्थन में चलाया जा रहा है।