इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन पर बिना रुके कटेगा टोल, MPRDC लाएगा नया MLFF सिस्टम
मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन हाईवे पर मल्टीलेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इस तकनीक के लागू होने के बाद वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। वाहन 80 किमी प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से सीधे टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और टोल राशि स्वतः उनके फास्टैग खाते से कट जाएगी। एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक भरत यादव ने इस अत्याधुनिक तकनीक की समीक्षा की है और इंदौर-उज्जैन परियोजना को इसके शुरुआती क्रियान्वयन के लिए उपयुक्त माना गया है।
एमएलएफएफ सिस्टम में सड़क के ऊपर हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों और सेंसर से लैस ओवरहेड गैन्ट्री लगाई जाएगी। ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक वाहन की नंबर प्लेट और फास्टैग को स्कैन कर कुछ ही सेकंड में टोल शुल्क काट देगी। इस व्यवस्था से टोल प्लाजा पर लंबी कतारें और ट्रैफिक जाम कम होंगे, समय और ईंधन की बचत होगी, कार्बन उत्सर्जन घटेगा और टोल वसूली अधिक पारदर्शी व तकनीक आधारित हो सकेगी। MPRDC अब ट्रैफिक अध्ययन के आधार पर भविष्य में अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी कर रहा है।