पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष को लेकर इंदौर भाजपा में खींचतान तेज
भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों के बीच इंदौर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद को लेकर अंदरूनी खींचतान बढ़ गई है। पूर्व विधायक जीतू जिराती अपने समर्थक और पूर्व नगर परिषद राऊ अध्यक्ष शिव डिंगू को ग्रामीण अध्यक्ष बनाए जाने पर अड़े हैं। सूत्रों के अनुसार, इसी मतभेद के कारण नियुक्ति की घोषणा फिलहाल टल गई है। संगठन विभिन्न नेताओं के बीच सहमति बनाकर विवाद का समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।
दूसरी ओर, राऊ विधायक मधु वर्मा ने लाखन सिसोदिया, जबकि महू विधायक उषा ठाकुर ने वर्तमान महामंत्री धर्मराज कश्यप के नाम का समर्थन किया है। इससे पहले नगर अध्यक्ष पद पर निखिल सोनी की नियुक्ति के बाद भी संगठन में असंतोष देखने को मिला था। अब ग्रामीण अध्यक्ष पद को लेकर अलग-अलग नेताओं की पसंद सामने आने से भाजपा में अंदरूनी समीकरण चर्चा का विषय बने हुए हैं।